महिला सुरक्षा

हर एक महिला की सुरक्षा हमारी जिम्मेदारी होनी चाहिए

छात्राओं में शोहदों का बढता खौफ

हम भले ही कहते हैं कि हमारा समाज शिक्षित हो रहा है मगर सच तो यह है कि पिछले कुछ समय में कुछ दबंगों के साथ साथ शिक्षित परिवार के  लडकों की भी मानसिकता बहुत गन्दी हो चुकी है जिसका आलम यह है कि लडकियाँ और महिलाएं अपने आपको और भी ज्यादा असुरक्षित महसूस कर रही हैं। आम भाषा में जिन्हें हम 'शोहदों' के नाम से जानते हैं जिनका काम सिर्फ लडकियों पर बुरी नजर रखना और उन पर गन्दे गन्दे कमेंट करना होता है, इन लोगों ने इस हद तक लडकियों को परेशान कर रखा है कि इनके डर से वे कालेज तक छोड दे रही हैं। आज अखबार में पढा कि उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में एक छात्रा एक शोहदे से इतनी आजिज आ चुकी है कि उसने कालेज जाना ही छोड दिया।इसके बाद उस शोहदे की हिम्मत तो देखिए वह छात्रा के घर पहुंच गया और उससे छेडखानी की और घर वालों के साथ भी गाली गलौज की।

यह बात सिर्फ प्रतापगढ़ जिले की ही नहीं है बल्कि न जाने कितने जिले कितने कालेजों की लडकियां इन शोहदों की हरकतों से परेशान हैं। कालेज की छुट्टी नहीं होती कि गेट पर शोहदों की लाइन लग जाती है। कुछ लडकियां तो बुरे और गन्दे कमेंट्स सुनने की आदत बना लेती हैं और कुछ डर के मारे कालेज छोडकर घर बैठ जाती हैं।आखिर कब तक चलेगा यह सब ? कब तक हमारी सरकार और कानून सोता रहेगा। आजकल तो आलम यह है कि महिलाओं और लडकियों की सुरक्षा के पुख्ता इन्तजाम की तो बात ही छोडिये अगर कोई लडकी किसी शोहदे के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराना चाहती है तो लिखी नही जाती क्योंकि ये शोहदे भी किसी न किसी बडे घराने या पावरफुल इंसान से सम्बन्धित होते हैं ,यदि किसी दबाव में एफआईआर लिख भी ली गई तो रिश्वतखोरी,सिफारिश और राजनीतिक दबाव की वजह से कोई कार्यवाही नहीं हो पाती है। शायद यही वजह है कि शोहदों की हिम्मत और लडकियों की आफत  दिनों दिन बढती जा रही है।

यदि इसी तरह से माहौल बिगडता रहा तो वो दिन दूर नहीं जब लडकियां कालेज जाना ही छोड देंगी।हम भारत सरकार से अपील करते हैं कि लडकियों के साथ हो रही इस तरह की बदतमीजी और  छेडखानी पर रोक लगाए और कालेज की छात्राओं की सुरक्षा के पूरे इन्तजाम करे। साथ ही साथ हम आम नागरिकों से भी अनुरोध करते हैं कि यदि आपके सामने कोई शोहदा किसी लडकी या महिला पर गन्दे कमेंट करता है या कोई बदतमीजी करता है तो खामोश न रहें बल्कि इसका विरोध करें। ये तो कतई न सोचें कि वो पता नहीं किसके घर की लडकी  है हम क्यों विरोध करें।याद रखिए यदि आज किसी जगह किसी दूसरे की बेटी बहन के साथ छेडखानी होते देखते हुए आप चुप रहे तो हो सकता है कि उसी जगह कल आपकी बेटी या बहन होगी तो उसके साथ भी इसी तरह की घटना हो सकती है। इसलिए चुप न रहें बल्कि आवाज उठाएं और अपनी बच्चियों की सुरक्षा को सुनिश्चित करें।

चलो हम बीते हुए कल से बगावत करते हैं

जख्मों पे अपने मरहम की सजावट करते हैं

चलो हम बीते हुए कल से बगावत करते हैं

तोडकर खामोशियाँ हम अपने लबों की

सच बोलने की आज फिर हिमाकत करते हैं

चलो हम बीते हुए कल से बगावत करते हैं

करके बयां हर दास्तान-ए-जुल्म आइए

अंधे कानून से इंसाफ की चाहत करते हैं

चलो हम बीते हुए कल से बगावत करते हैं

घूंघट उठा के अपना आओ सरे बाजार

बेनकाब कुछ शरीफों की शराफत करते हैं

चलो हम बीते हुए कल से बगावत करते हैं

जख्मों पे अपने मरहम की सजावट करते हैं

चलो हम बीते हुए कल से बगावत करते हैं

नारी भी हो आजाद वो हिन्दुस्तान चाहिए

हमको भी हक चाहिए वो सम्मान चाहिए

नारी भी हो आजाद वो हिन्दुस्तान चाहिए

वो धरती चाहिए जिसपे हम फूलें और फलें

हों सुरक्षित जिसके नीचे वो आसमान चाहिए

ना सुन्दर पति चाहिए ना चाहिए धनवान

जो समझे हमको बस वो इक इंसान चाहिए

सह सहकर जुल्मों सितम बेदर्द दुनिया के

लब सूख चुके हैं इन पर अब मुस्कान चाहिए

गर अग्नि परीक्षा लेना है शौक मर्दों का

तो हमको भी मर्दों का  इम्तिहान चाहिए

कब तक हम जानी जाएंगी मर्दों के नाम से

हमको भी तो अपनी इक पहचान चाहिए

हमको भी हक चाहिए वो सम्मान चाहिए

नारी भी हो आजाद वो हिन्दुस्तान चाहिए

भाजपा सरकार में बढता बलात्कार

उत्तर प्रदेश में बलात्कार की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। एक के बाद एक सामने आती बलात्कार की घटनाएं यह साबित करती हैं कि हमारा प्रदेश महिलाओं के लिए बिल्कुल भी सुरक्षित नहीं है।वह सरकार जो सत्ता में आते ही महिलाओं की सुरक्षा के लिए प्रयासरत नजर आ रही थी उसी के आदमी बलात्कारी निकल रहे हैं। जब सत्ता पर काबिज लोग ही अपराध करने लगे तो समझ लेना चाहिए कि प्रदेश के बुरे दिन आ गए हैं। सबसे बडा ताज्जुब तो तब होता है जब सरकार के पदों पर पदासीन लोग सब कुछ जानते हुए भी अपराधी को बचाने की कोशिश में लगे हुए हैं।

उत्तर प्रदेश में इस समय भाजपा की सरकार है और भाजपा का ही एमएलए इस समय उन्नाव घटना में मुख्य बलात्कारी है। लगभग सब कुछ खबर होने के बावजूद भी पुलिस और सरकार इस बलात्कारी एमएलए को बचाने की भरपूर कोशिश में लगी हुई थी , कितने शर्म की बात है। सरकार ऐसा सिर्फ इसलिए कर रही है ताकि उसकी पार्टी की छवि न खराब हो और वोट बैंक सलामत रहे लेकिन सिर्फ कुछ वोटों के लिए किसी बलात्कारी को पनाह देना या जनता के साथ विश्वासघात करना किसी तरह से उचित नहीं है।

अगर बलात्कारी सिर्फ इसलिए बच जाता है कि वह एक भाजपा का विधायक है या उसे मुख्यमंत्री या प्रधानमंत्री का समर्थन हासिल है तो यह हमारी न्यायपालिका पर सवाल खडा कर सकता है। बलात्कारी सिर्फ एक अपराधी होता है चाहे वह कोई भी हो । जब एक खास इंसान कोई घिनौना काम कर देता है तो उसकी खासियत वहीं पर खत्म हो जानी चाहिए और उसके साथ सिर्फ उसी तरह का सुलूक किया जाना चाहिए जैसा कि एक आम अपराधी के साथ होता है।

महिला सुरक्षा से समझौता और नहीं

  गलत नियत वालों को मौका और नहीं अब और नहीं महिला सुरक्षा से समझौता और नहीं अब और नहीं जागो हे भारत की बेटियों अब तो नींद से जागो तुम अपनी स...

Popular Posts